चंदौली

चंदौली-"कायस्थ महासभा द्वारा दी गई भाव -भिनी विदाई"

चंदौली

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, चंदौली द्वारा अफीम कोठी कैंप कार्यालय पर वैवाहिक एवं समाज कल्याण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं कायस्थ महासभा मुगलसराय के पूर्व अध्यक्ष श्री ब्रजेंद्र कुमार सिन्हा जी का विदाई समारोह सम्मान पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों द्वारा सिन्हा जी का माल्यार्पण कर उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट की गई। इस दौरान सभी  भाव विह्वल हो उठे एवं सभी की आंखें नम हो गई।

ब्रजेंद्र कुमार सिन्हा जी रिटायर्ड रेलकर्मी हैं। 50 वर्षों से अधिक समय से मुगलसराय में रह रहे हैं। 4 वर्ष पूर्व पत्नी के देहांत के बाद वह अकेले थे। अब वह अपने बच्चों के पास दिल्ली मे रहेंगे।

समारोह का संचालन करते हुए जिला महामंत्री अभिषेक नारायण ने कहा कि सिन्हा जी पिछले 25-30 वर्षों से कायस्थ समाज की सेवा में अनवरत लगे हुए थे। समाज को एकजुट करते हुए संगठन को खड़ा करने में उनका योगदान अतुलनीय है। यहां से उनके जाने से जो रिक्तता होगी उसकी भरपाई शायद ही कोई कर पाए।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय मंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सिन्हा जी महासभा के एक अभिन्न अंग हैं। संगठन एवं समाज उनके कार्यों को सदा याद रखेंगे एवं उनके जाने से सभी को उनकी कमी खलेगी।

एडीओ पंचायत राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि आपने समाज की काफी सेवा की है। उम्र के इस पड़ाव पर अपने बच्चों के पास रहने का निर्णय उचित है। हमें जब भी आवश्यकता होगी फोन के माध्यम से आपसे मार्गदर्शन लेते रहेंगे।

ब्रजेंद्र कुमार कुमार सिन्हा ने विदाई समारोह में दिए गए सम्मान के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि मैं बड़े दुखी मन से इस शहर से जा रहा हूं लेकिन मैं आप लोगों से विदा नहीं हो रहा हूं जब भी मेरी जरूरत होगी, कोई कार्यक्रम होगा, आप बुलाएंगे तो मैं जरूर आऊंगा और पूर्व की भांति ही कार्यक्रम के आयोजन में आपका सहयोग भी करूंगा। आप सभी पूरी एकजुटता से एक दूसरे के सुख दुख में सहयोग करते हुए समाज की सेवा करें।

इस अवसर पर जिला सचिव बिरेंद्र प्रसाद सिन्हा, नगर उपाध्यक्ष सुनील वर्मा, नगर उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार सिन्हा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ महामंत्री ज्ञान प्रकाश आदि ने भी सिन्हा जी के योगदान की चर्चा करते हुए उनके साथ बिताए यादों को साझा किया।

विदाई समारोह में एडीओ पंचायत राकेश श्रीवास्तव, राष्ट्रीय मंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव, जिला महामंत्री अभिषेक नारायण, जिला सचिव बिरेंद्र प्रसाद सिन्हा, नगर उपाध्यक्ष सुनील वर्मा, नगर उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार सिन्हा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिन्हा, प्रवीण श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, अमिताभ श्रीवास्तव, पियूष रंजन आदि उपस्थित थे।

समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय मंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव संचालन जिला महामंत्री अभिषेक नारायण एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव बिरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने किया।
सूर्य प्रकाश सिंह की रिपोर्ट