भोपाल

राजगढ़ जिले में चार फोरलेन परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

भोपाल

 

*केंद्र सरकार ने मप्र में 29 सड़क परियोजनाओं के लिए दी 3500 करोड़ की स्वीकृति*

*◆माखन विजयवर्गीय*

राजगढ़। केंद्र सरकार ने मप्र में 29 सड़क परियोजनाओं के लिए 3500 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति दी है। इनमे चार फोर लेन परियोजनाएं राजगढ़ जिले में है। 
जानकारी अनुसार जीरापुर से सुसनेर राजस्थान बॉर्डर तक, पचोर से जीरापुर, पचोर शाजापुर बायपास पचोर में, एवं खिलचीपुर में बायपास की स्वीकृति प्रदान की है। पचोर जीरापुर फोरलेन परियोजना का भूअधिग्रहण गजट नोटिफिकेशन पिछले दिनों 9 मार्च 2021 को प्रदेश टाइम्स में किया गया था। वहीं समयावधि में सक्षम अधिकारी को कोई आक्षेप प्राप्त नही होने पर 29 जुलाई को पुनः अधिसूचना जारी की गई थी उसके अनुसार पुनः 24 अगस्त को नवदुनिया में भूअधिग्रहण सूची प्रकाशित की जा चुकी है। 

*सेवानिवृत्त अधिकारी करेंगे अधिग्रहण कार्य*

मध्य प्रदेश में सड़क परियोजनाओं के लिए पहली बार भूमि अधिग्रहण के काम में मदद करने के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। प्रथम चरण में राज्य और संभाग स्तर पर 15 अधिकारी-कर्मचारी पदस्थ होंगे। इनका मुख्य काम जिला प्रशासन के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण के काम को गति देने का होगा। सरकार ने यह कदम केंद्र सरकार की उस शर्त को पूरा करने के लिए उठाया है जिसमें परियोजना पर काम तभी शुरू किया जा सकता है, जब 80 फीसद भूमि अधिग्रहण हो जाए।

वर्ष 2022-23 तक के लिए स्वीकृत इन परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार को भूमि अधिग्रहण करना है। जब यह काम पूरा हो जाएगा तब ही परियोजना का काम शुरू होगा। भूमि अधिग्रहण के लिए लोक निर्माण विभाग ने जिलों के राजस्व अधिकारियों को जिम्मा सौंपा है पर इसमें लगने वाले समय को देखते हुए सरकार ने तय किया है कि सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सहयोगी के तौर पर तैनात किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग ने इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। तय किया गया है कि सात सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर या तहसीलदार संभाग स्तर पर पदस्थ किए जाएंगे। वहीं, एक अतिरिक्त कलेक्टर स्तर के सेवानिवृत्ति अधिकारी को मुख्यालय में पदस्थ किया जाएगा ताकि वे समन्वय का काम देख सकें। सेवानिवृत्ति राजस्व निरीक्षक या पटवारियों की संख्या भी सात होगी।


*इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार ने दी स्वीकृति*

नसरुल्लागंज-रेहटी-बुदनी, जीरापुर-सुसनेर से राजस्थान की सीमा तक बायपास सहित, कुरवाई-चंदेरी बायपास सहित, अहमदपुर से बैरसिया, कुडम से शाहपुर, डिंडौरी से कबीर चबूतरा, जीरापुर-पचोर, डिंडौरी-मंडला, पवई बायपास, कटनी पड़ारिया कला बायपास, नौगांव बायपास, मुरैना-अंबाह बायपास, पचोर-शाजापुर बायपास, खिलचीपुर बायपास, पोरसा-अटेर-भिंड बायपास, मुरैना-लहार-भांडेर बायपास, छतरपुर बायपास, हरपालपुर बायपास, श्यापुर-सबलगढ़ बायपास सहित, जबलपुर- कुडम बायपास सहित, शाहपुरा से डिंडौरी बायपास सहित, शहडोल बायपास, चंदेरी-पिछोर बायपास सहित, अंजड़ से बड़वानी बायपास सहित, कसरावद-बरहानपुर बायपास सहित अन्य।