भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज ने खुद पौधे लगाए, अब पेड़ों को काटकर एनजीओ को दे रहे जमीन : दिग्‍विजय सिंह

भोपाल

गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा के सदस्य दिग्विजय सिंह पहुंचें। उन्होंने लघु उद्योग भारती को आवंटित की गई 10 हजार वर्गफीट जमीन का अवलोकन किया। इस दौरान दिग्‍विजय सिंह ने कहा कि इसी जमीन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर ने पौधे लगाए। आज ऐसा क्या हो गया है कि भाजपा सरकार ने जमीन का आवंटन आरएसएस से संबंधित एनजीओ को जमीन दे दिया। मुख्यमंत्री रोजाना पौधे लगाने की नौटंकी करते हैं, लेकिन उक्त जमीन पर पूर्व में खुद लगाए गए पौधे कटवा रहे हैं। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का साफ कहना है कि जब जमीन पर पौधे लगाकर पार्क विकसित किया गया तो फिर कैसे एनजीओ को जमीन आवंटित कर दी है। जमीन का आवंटन निरस्त किया जाना चाहिए। संघ को फायदा पहुंचाने के लिए जमीन दी गई है। पेड़ों को काटा जा रहा है।

दिग्विजय सिंह ने एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरदीप सिंह और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री सिंह से कहा कि एक तरफ कोरोना काल में बिजली के अधिक बिल, उद्योगों का नहीं चलने से कर्मचारियों को वेतन देने सहित अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार समस्याओं का निराकरण कराने के बजाय जमीन एनजीओ को आवंटित करके मुसीबत बढ़ा रही है। इस पर दिग्विजय सिंह ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि वे खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जमीन आवंटन मामले को लेकर चर्चा करेंगे।

एसोसिएशन के आरोप हैं कि सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जमीन दी नहीं और एनजीओ को जमीन आवंटित कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने देवास, नेमावर सहित प्रदेश हो रही हत्याओं पर भी भाजपा सरकार को घेरा। सिंह ने कहा कि जिस तरह निर्भया कांड में कार्रवाई हुई, उसी तरह हत्याओं का अंजाम देने वाले आरोपितों को जल्द फांसी की सजा देनी चाहिए। वहीं जनसंख्या नियंत्रण कानून पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये वो ही लोग हैं, जिन्होंने 1977-80 के बीच में जनसंख्या पर नियंत्रण करने के लिए चलाए गए नसबंदी कार्यक्रम का विरोध किया था। भाजपा हिंसा के बल पर ही चुनाव लड़ती है। ये ही उनकी विचारधारा है।