कहीं सारंगपुर में न हो जाए दिल्ली जैसा हादसा! कॉलेज भवन की जांच कराने NSUI ने प्राचार्य को घेरा
सारंगपुर। दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के हादसे ने सारंगपुर के छात्र नेताओं को भी सतर्क कर दिया है। हादसे के बाद अब शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मंगलवार को NSUI ने कॉलेज परिसर की संभावित जर्जर इमारतों और कमजोर हिस्सों की जांच कराने की मांग उठाई।
NSUI शहर अध्यक्ष अलरज़ा कुरैशी के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने महाविद्यालय की प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की कि कॉलेज भवन का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और परिसर में मौजूद जर्जर व क्षतिग्रस्त हिस्सों की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए।
दिल्ली जैसी घटना से पहले हो जाए इंतजाम
NSUI पदाधिकारियों का कहना है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। दिल्ली की घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पुराने और कमजोर भवनों की समय-समय पर जांच कितनी जरूरी है।
छात्र नेताओं ने कहा कि शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भवन की स्थिति और परिसर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए। कमजोर हिस्सों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विधानसभा अध्यक्ष अमन सिलोरिया, कॉलेज अध्यक्ष देवा गुर्जर, अनिल भंडारी, गोविन्द उमठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। गर्ल्स यूनिट से अंजलि पचारवाल, लक्ष्मी भिलाला, तोशीबा खान और अलीना मंसूरी सहित छात्रा नेता भी शामिल रहीं।
NSUI ने कहा कि छात्र सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कॉलेज प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।