सारंगपुर। क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र डॉ. रिहान खान ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सारंगपुर का नाम गौरवान्वित किया है। रिहान खान ने एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा नीट में 720 में से 636 अंक प्राप्त करते हुए उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। उनकी शानदार रैंक और अंकों के आधार पर उनका चयन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में हुआ है, जहां उन्हें शासकीय सीट पर प्रवेश प्राप्त हुआ है।
रिहान की इस उपलब्धि से उनके परिवार, समाज और पूरे सारंगपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चिकित्सा क्षेत्र की कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर उनके नाना शेख मुशर्रफ, जो कांग्रेस सेवादल के जिला कोषाध्यक्ष हैं, ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रिहान की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, दृढ़ लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रिहान ने अपनी प्रतिभा के बल पर न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे चिकित्सा क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
रिहान खान की इस उल्लेखनीय सफलता पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शुभकामनाएं देने वालों में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव साजिद हुसैन काजी, अल्पसंख्यक आयोग के जिला चेयरमैन फराज अंजुम खटानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निलेश वर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शफीक अंसारी तथा युवा नेता जय सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हैं।
सभी ने रिहान खान को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता सारंगपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों और विशेष रूप से चिकित्सा क्षेत्र में भविष्य बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।