सारंगपुर। सुल्तानिया पंचायत में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव का शनिवार को परिणाम सामने आ गया। आठ प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में विकास खटक ने सबसे ज्यादा 493 वोट हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होने के बाद तहसीलदार कपिल शर्मा ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने विकास खटक का स्वागत किया।
1679 वोटरों ने डाले थे वोट, आठ प्रत्याशियों के बीच था मुकाबला
सुल्तानिया में सरपंच पद रिक्त होने के बाद 29 सितंबर को उपचुनाव कराया गया था। चुनाव मैदान में कुल आठ प्रत्याशी थे। मतदान में 1679 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शनिवार को तहसील कार्यालय सारंगपुर में मतगणना शुरू हुई तो प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर हर राउंड के परिणाम पर बनी रही।
मतगणना में विकास खटक को 493 वोट मिले। उनके बाद राजू वर्मा को 416 और बनेसिंह को 372 वोट प्राप्त हुए। अन्य प्रत्याशियों में दिनेश कुमार बागरी को 139, शिवनारायण को 92, बृजमोहन को 67, ललिता बाई मालवीय को 56 और नारायण को 32 वोट मिले। NOTA में 4 मत दर्ज हुए।
पूर्व सरपंच का पद रिक्त होने के बाद हुआ चुनाव
सुल्तानिया पंचायत में पूर्व सरपंच के जिला बदर होने और पद से पृथक किए जाने के बाद सरपंच का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उपचुनाव कराया गया। मतदान के बाद शनिवार को मतगणना पूरी होते ही नए सरपंच के नाम पर स्थिति स्पष्ट हो गई।
प्रमाण पत्र मिलते ही समर्थकों ने किया स्वागत
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसीलदार कपिल शर्मा ने विकास खटक को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर विजयी घोषित किया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने उनका स्वागत किया। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी सहित पुलिस बल तहसील कार्यालय में मौजूद रहा।