नरसिंहगढ़ में कल लगेगा बिजली समस्या समाधान शिविर, वार्ड 1 और 2 के उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, थावरिया में होगा आयोजन
नरसिंहगढ़। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और विद्युत सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग नरसिंहगढ़ शहर द्वारा शनिवार, 3 अक्टूबर को संपर्क अभियान 2026 के अंतर्गत विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 1 और 2 के उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सामुदायिक भवन थावरिया में शिविर लगाया जाएगा।
शिविर में उपभोक्ताओं को विभिन्न विद्युत सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें नए बिजली कनेक्शन, भार परिवर्तन, अस्थायी कनेक्शन, नाम एवं श्रेणी परिवर्तन, स्थायी विच्छेदन के आवेदन, ई-केवाईसी और अनापत्ति प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा गलत या अधिक बिजली बिल, डुप्लीकेट बिल, बंद या खराब मीटर, मीटर तेज चलने, स्मार्ट मीटर और मीटर रीडिंग से संबंधित शिकायतों का भी निराकरण किया जाएगा।
वहीं, विद्युत लाइन, सर्विस केबल, बिजली पोल, कम वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं को भी शिविर में सुना जाएगा। उपभोक्ता अग्रिम भुगतान सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।
विद्युत विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी शिकायतों का मौके पर निराकरण करना है। वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 के उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की गई है।