मां का आशीर्वाद, गौसेवा और 56 लाख की स्वास्थ्य सौगात: मंत्री गौतम टेटवाल ने ऐसे मनाया जन्मदिन
सारंगपुर। मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री तथा सारंगपुर विधायक डॉ. गौतम टेटवाल का जन्मदिन शनिवार को धार्मिक आस्था, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के बीच मनाया गया। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ ही उनके प्रभार वाले बड़वानी और उज्जैन जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और जनप्रतिनिधि शुभकामनाएं देने पहुंचे।
डॉ. टेटवाल ने दिन की शुरुआत अपनी माता का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे ग्राम भैंसवा माता पहुंचे और मां बिजासन के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। यहां उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके बाद कपिल मुनि की पावन धरा स्थित कपिलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। गौशाला में गौमाता का पूजन कर उन्हें घास खिलाई।

सिविल अस्पताल को 56 लाख की स्वास्थ्य सुविधाएं
जन्मदिन के अवसर पर मंत्री डॉ. टेटवाल ने सिविल अस्पताल सारंगपुर में करीब 56 लाख रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच मशीनों का लोकार्पण किया। इनमें थायराइड सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जांचों की सुविधाएं शामिल हैं।
नई मशीनों से क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलेगी और दूसरे शहरों की दौड़ कम होगी। मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित किए। एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं से भी बातचीत की।

बालिकाओं के बीच मनाया जन्मदिन
मंत्री डॉ. टेटवाल ने कस्तूरबा बालिका विद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण किया। विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक उनका जन्मदिन मनाया और शुभकामनाएं दीं। छात्राओं के स्नेह से मंत्री भावुक नजर आए।

सेवा सदन से राठी मांगलिक परिसर तक रहा उत्साह
सुबह से ही सारंगपुर के सेवा सदन कार्यालय में शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। मुख्य समारोह राठी मांगलिक परिसर में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत फलों से तुलादान के साथ हुई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ, फूलमालाएं और धार्मिक प्रतीक भेंट कर मंत्री का अभिनंदन किया।

महादेव मित्र मंडल, कपिलेश्वर गीता स्वाध्याय मंडल, अखिल भारतीय साहित्य परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ सहित अनेक संगठनों ने स्वागत किया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सरपंच संघ और भाजपा पदाधिकारियों ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के बीच समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।

बोले- जनता का स्नेह मेरी सबसे बड़ी पूंजी
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गौतम टेटवाल ने कहा कि जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि उन्हें मिला मान-सम्मान जनता जनार्दन की देन है और वे सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास तथा जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने का भी उन्होंने भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में नगर पालिका सारंगपुर अध्यक्ष पंकज पालीवाल, नगर परिषद पचोर अध्यक्ष विकास करोड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व नगरवासियों की उपस्थिति रही।
धार्मिक आस्था से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और गौसेवा तक आयोजित कार्यक्रमों ने मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल के जन्मदिन को जनसरोकारों से जोड़ दिया।