सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न: समाज को संगठित रखने और फिजूलखर्ची रोकने सामूहिक विवाह पर जोर।
हराना । आदर्श धाकड़ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर रविवार को भैंसवामाता में जिला स्तरीय सम्मेलन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों, सम्मेलन समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को बढ़ावा देने तथा समाज को संगठित और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान जिले में आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला सम्मेलन समिति के अध्यक्ष उमराव सिंह नागर ने सामूहिक विवाह सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने की दिशा में सामूहिक विवाह सम्मेलन महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सामूहिक विवाह सम्मेलन से जुड़ने का आह्वान किया। धाकड़ समाज के जिलाध्यक्ष हेमराज नागर ने कहा कि वर्तमान समय में समाज का संगठित रहना बेहद जरूरी है। आपसी सहयोग, एकता और सामाजिक समरसता के माध्यम से ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। युवा संघ के जिलाध्यक्ष रामगोपाल नागर ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को समाजहित की पहल बताते हुए युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। वहीं राजेश भंडारी ने भी जिले में सामूहिक विवाह सम्मेलन की परंपरा को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है और विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची पर भी रोक लगती है। तीन स्थानों पर सम्मेलन कराने पर बनी सहमति। बैठक में सम्मेलन समिति के सदस्यों ने जिले में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने को लेकर सर्वसम्मति से तीन स्थानों का चयन किया। इनमें खुजनेर भीलखेड़ा जोड़ एवं अरनिया माताजी तथा छापीहेड़ा को लेकर सम्मेलन आयोजन की सहमति बनाई गई। इन स्थानों पर सम्मेलन की आगामी तैयारियों, समाजजनों से संपर्क और व्यवस्थाओं को लेकर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष देवनारायण नागर, देवकरण नागर, जनपद पंचायत सदस्य भागीरथ नागर, गिरवर भंडारी, दिनेश नागर , नानूराम नागर, प्रेमनारायण नागर, दुर्गेश नागर , रामगोपाल पटेल, सुरेश नागर, ललित नागर, पुखराज नागर, बद्रीलाल नागर , दुर्गा प्रसाद पटेल, पवन पटेल, पत्रकार मोहन नागर , दिलीप नागर , धीरप नागर , देवकरण नागर, देवीसिंह पटेल , शिव नारायण नागर, गोवर्धन नागर , राजेश नागर, इंदर नागर , रमेश सेवरिया सहित सम्मेलन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या समाजजन मौजूद रहे। बैठक में सभी ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने और समाज के अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।