पचोर। कांग्रेस की ओर से बुधवार को पचोर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में 1300 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। दो घंटे से अधिक चले संवाद में विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सवाल अतिथियों के सामने सीधे रखे। विद्यार्थियों ने पेपर लीक, बढ़ती फीस, बेरोजगारी, रोजगार के सीमित अवसर, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और परीक्षा परिणाम जारी होने में देरी जैसे मुद्दों पर सवाल किए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे बिना झिझक अपनी समस्याएं और सवाल सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। इन समस्याओं और सुझावों को जिम्मेदार मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
परिणाम में देरी से लेकर नौकरी की स्थायित्व तक सवाल
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पूछा कि परीक्षा आयोजित होने के बाद लंबे समय तक परिणाम जारी नहीं होने पर जिम्मेदारी किसकी तय होती है। नौकरी मिलने के बाद भर्ती स्थायी नहीं होने और कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों पर भी सवाल किए गए। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने को लेकर विद्यार्थियों ने अतिथियों से जवाब मांगे।
छात्राओं ने भी खुलकर रखी अपनी बात
कार्यक्रम में छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। छात्रा जया कुशवाह ने प्रतियोगी परीक्षा में कुछ अंकों से चयन से वंचित रहने और कथित रूप से रिश्वत की मांग किए जाने जैसी समस्या को लेकर सवाल उठाया। छात्रा रुशाली ने भी संवाद में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि उन्हें छह भाषाओं का ज्ञान है और विद्यार्थियों के सामने आने वाली चुनौतियों को अतिथियों के समक्ष रखा।
राष्ट्रीय स्तर तक मुद्दे पहुंचाने का आश्वासन
विद्यार्थियों द्वारा उठाए गए सवालों को अतिथियों ने सुना और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को इंदौर में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण विभाग प्रभारी महेंद्र जोशी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवा दीक्षित ने किया।