एक सप्ताह का आश्वासन, 38 दिन बाद भी दुकानें जस की तस: पीएमश्री स्कूल के छात्रों ने किया चक्काजाम 12 अगस्त को SDM ने दिया था दुकानें हटाने का भरोसा, कार्रवाई नहीं होने पर संडावता में छात्र-छात्राओं के साथ ABVP का धरना
संडावता में पीएमश्री विद्यालय के आसपास संचालित शराब और मांस की दुकानों को हटाने की मांग अब आंदोलन में बदल गई है। 12 अगस्त को प्रशासन की ओर से एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद 19 सितंबर तक दुकानें नहीं हटने से विद्यार्थियों में नाराजगी है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे पीएमश्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संडावता पुलिस चौकी के सामने सारंगपुर रोड पर बैरिकेडिंग कर चक्काजाम कर दिया। आंदोलन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र भी शामिल हुए।
विद्यार्थियों के अनुसार 12 अगस्त को तत्कालीन SDM रोहित बम्होरे ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर स्कूल के आसपास से शराब दुकान हटाने के लिए एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया था। विद्यार्थियों का कहना है कि आश्वासन के बाद भी शराब दुकान और मांस की दुकानें हटाने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता गया।
स्कूल के पास शराब-मांस की दुकानें, छात्रों ने जताई आपत्ति
छात्र-छात्राओं का कहना है कि विद्यालय के आसपास शराब और मांस की दुकानें संचालित होने से उन्हें असुविधा होती है। स्कूल आने-जाने के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को लेकर लंबे समय से दुकानें हटाने की मांग की जा रही है।
तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का डर, स्पीड ब्रेकर की मांग
आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल के सामने से गुजरने वाले वाहनों की तेज रफ्तार का मुद्दा भी उठाया। छात्रों का कहना है कि विद्यालय के सामने वाहनों की रफ्तार अधिक होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। खबर लिखे जाने तक छात्र-छात्राओं और ABVP कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन जारी था।
मौके पर छापीहेड़ा थानाप्रभारी उमाशंकर मुकाती, नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला मौजूद है।