“पचोर में कांग्रेस का बड़ा जमावड़ा: मंगलवार उमंग सिंघार छात्रों से करेंगे सीधा संवाद, बुधवार दिग्विजय-जीतू पटवारी समेत बड़े नेता कार्यकर्ताओं के बीच”
पचोर। पचोर में मंगलवार से कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम शुरू होगा। 15 और 16 सितंबर को एबी रोड स्थित रेड कारपेट होटल में होने वाले कार्यक्रम में पहले दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं शाम को प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
सुबह संगठन का प्रशिक्षण, शाम को छात्रों की गूंज
15 सितंबर को सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता महेंद्र जोशी रहेंगे। वे कांग्रेस की नीति-रीति, संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं के सवालों पर भी चर्चा होगी।
शाम 6 बजे ‘छात्रों की गूंज-सच्चाई का मंच’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके मुद्दों और समस्याओं को सुना जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह खींची ने बताया कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में चल रहे इस कार्यक्रम का आयोजन राजगढ़ जिले की सभी तहसीलों में किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर लगातार संवाद कर रही है।
दूसरे दिन दिग्विजय, जीतू और हरीश चौधरी से संवाद
16 सितंबर को कार्यक्रम का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर रहेगा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अपेक्षित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
इस दौरान मंडलम और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी, साथ ही कांग्रेस की नीति और विचारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा होगी।
संगठन प्रभारी राधेश्याम सोमतीया ने बताया कि दोनों दिन के कार्यक्रम में केवल अपेक्षित कार्यकर्ताओं को प्रवेश पास के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम अनुशासन के साथ आयोजित किए जाएंगे।