दुलहीपुर। जौनपुर के साल्वेशन हॉस्पिटल में 12 और 13 सितंबर को आयोजित नौवीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चंदौली जिले की करवत स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अकादमी के 25 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और सभी ने अपने-अपने भार वर्ग में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के चलते अकादमी ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।
अकादमी के खिलाड़ियों ने कुल 25 पदक अपने नाम किए। इनमें 14 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले करते हुए अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन किया।
14 स्वर्ण पदकों से चमका अकादमी का प्रदर्शन
स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में आनंदनी, कुमकुम, सुरुचि, अंशिका, सृष्टि, आसु, आभास, आदर्श, आर्यन, शिवम और आकाश सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। खिलाड़ियों की सफलता से अकादमी में खुशी का माहौल है।
रजत और कांस्य में भी दिखाया दम
रजत पदक जीतने वालों में ज्योति, नैन्शी, रागिनी, शिवांश, आयुष, शिवम और शुभम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं आदिति, निहाल और ज्योति ने कांस्य पदक हासिल किया।
कोच ने खिलाड़ियों को दी बधाई
करवत स्पोर्ट्स अकादमी के कोच नीरज पटेल, नेशनल रेफरी श्वेता पटेल तथा टीम मैनेजर आकाश सोनकर और शुभम कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत और लगन के दम पर अकादमी और जिले का नाम रोशन किया है। टीम पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।