चंदौली

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की नोटिस

चंदौली

वंदे भारत से चार किशोरों की मौत के मामले में मानवाधिकार कार्यकर्ता खालिद वकार आबिद ने की थी शिकायत,

आदेश में मांगी चार सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट

बिहार के पूर्णिया जिले में 3 अक्टूबर 2025 की सुबह दर्दनाक रेल हादसे में चार किशोरों की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। जोगबनी (अररिया) से दानापुर (पटना) जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से यह हादसा कटिहार–जोगबनी रेलखंड के कसबा क्षेत्र में हुआ था ।

ज्ञात हो कि पांचों किशोर (उम्र 14 से 18 वर्ष) दशहरा मेला देखकर रेलवे पटरी के सहारे पैदल पूर्णिया लौट रहे थे। सुबह अंधेरा रहने के कारण उन्हें ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं हुआ और वे ट्रैन की चपेट में आ गए। तीन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो को गंभीर हालत में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक और किशोर ने दम तोड़ दिया। एक घायल कुलदीप कुमार (14) का एक पैर कट गया है मृतकों की पहचान सुंदर कुमार (15), सिगर कुमार (14), सिटू कुमार तथा रोहित कुमार (16) के रूप में हुई थी। सभी मजदूरी करने वाले परिवारों से थे, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।

इस मामले को अधिवक्ता एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता खालिद वकार आबिद ने गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए 3 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने 13 अक्टूबर 2025 को वाद संख्या 4161/4/27/2025 पंजीकृत करते हुए संज्ञान लिया।आयोग ने अपने आदेश दिनांक 26 फरवरी 2026 में कहा कि शिकायतकर्ता खालिद वकार आबिद के अनुसार यह एक अत्यंत दुखद घटना है, जिसमें पांच किशोर दशहरा मेला से लौटते समय वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।मृतकों व घायल के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने तथा रेलवे प्रशासन की संभावित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। आयोग ने मृतकों के परिजनों की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए मुआवजा सुनिश्चित किए जाने की मांग को गंभीरता से लिया।आयोग ने आदेश की प्रति पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक तथा अध्यक्ष, रेल मंत्रालय, नई दिल्ली को प्रेषित करते हुए चार सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मामले को चार सप्ताह बाद पुनः प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए गए हैं।