अतिरिक्त कार्यों से त्रस्त पंचायत सहायकों का धरना, शोषण के खिलाफ बुलंद हुई आवाज*
पंचायत सहायक संघ के नेतृत्व में विकासखंड मुख्यालय पर हुआ प्रदर्शन विकासखंड मुख्यालय पर आज 31 जनवरी 2026 दिन शनिवार को पंचायत सहायकों ने अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पंचायत सहायक संघ के अध्यक्ष सागर पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस धरने में विकासखंड अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों से पंचायत सहायकों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया।धरने के दौरान पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि उनसे मूल पंचायत कार्यों के अलावा निर्वाचन, राजस्व एवं कृषि विभाग जैसे अन्य विभागों के कार्य जबरन कराए जा रहे हैं, जबकि इसके लिए न तो कोई अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है और न ही स्पष्ट लिखित आदेश। इससे पंचायत सहायकों का शोषण हो रहा है और ग्राम पंचायतों के मूल कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।धरना स्थल से संघ अध्यक्ष सागर पटेल ने कहा कि,“हम पंचायत सहायक ग्राम पंचायत के कर्मचारी हैं। हमें हमारे गांव में पंचायत के कार्य करने दिया जाए। बिना संसाधन, बिना पारिश्रमिक लगातार अन्य विभागों का काम कराना अन्याय है।”
पंचायत सहायकों की प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं—
1.पंचायत सहायकों को केवल ग्राम पंचायत के कार्यों तक सीमित रखा जाए
2.अन्य विभागों के कार्य कराने की स्थिति में अतिरिक्त आर्थिक राशि दी जाए
3.विभाग द्वारा मिलने वाला मानदेय हर माह 1 से 5 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से दिया जाए
4.भविष्य में पंचायत सहायकों से अन्य विभागों का कार्य पूर्ण रूप से बंद किया जाए धरने की गंभीरता को देखते हुए जनपद स्तर से पंचायती राज जिला अधिकारी श्री नीरज सिन्हा स्वयं विकासखंड मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पंचायत सहायकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भविष्य में समाधान का आश्वासन दिया।श्री सिन्हा के आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ, लेकिन पंचायत सहायकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उनकी मांगों पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।यह धरना केवल मांगों का नहीं, बल्कि पंचायत सहायकों के संघर्ष, एकता और सम्मान की लड़ाई का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसमें नेतृत्व अध्यक्ष सागर पटेल ने किया
सूर्य प्रकाश सिंह की रिपोर्ट