पीडीडीयू नगर/चंदौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था अस्मिता नाट्य संस्थान की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को रविनगर स्थित कैंप कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में संस्था द्वारा आगामी 5 जून को 1100 पौधों के वृक्षारोपण का संकल्प लिया गया।
संस्था के महासचिव विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट, प्रदूषण तथा लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए संस्था ने व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम न होकर पर्यावरण संरक्षण की दीर्घकालिक जिम्मेदारी का प्रतीक होना चाहिए।
संस्था के संरक्षक आनंद तोदी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय असंतुलन पूरी मानवता के लिए चिंता का विषय बन चुका है। विकास की दौड़ में लगातार हो रही वृक्षों की कटाई के कारण प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष संस्था "एक पौधा अस्मिता के नाम" अभियान के माध्यम से समाज को एक सकारात्मक संदेश देना चाहती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपनी अस्मिता, संस्कृति और सम्मान की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए प्रत्येक पौधे की भी सुरक्षा और संरक्षण करना आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता को जोड़ते हुए यह अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान तथा आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि आज विश्व जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संस्था का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना है।बैठक में संरक्षक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, एक.के सिंह, डॉ. उमाशरण पांडेय, दीपक सिंह, दिनेश शर्मा, डब्लू राय, राकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रहरि, फैयाज अंसारी, मधु सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन कृष्ण मोहन गुप्ता ने किया।