कपड़ों पर लाल तरल डाला, पानी लेने गया व्यापारी; ₹1.49 लाख का बैग गायब, CCTV से खुला राज
राजगढ़/खुजनेर/पचोर । व्यापारी के कपड़ों पर पीछे से लाल रंग का तरल डालकर उसका ध्यान भटकाया गया। वह कपड़े साफ करने के लिए पानी लेने दुकान के अंदर गया तो बाहर बोरी पर रखा ₹1 लाख 49 हजार रुपए से भरा बैग गायब हो चुका था। खुजनेर पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की पूरी ₹1.49 लाख की रकम बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल होंडा शाइन बाइक भी जब्त की है।
कपड़ों पर तरल डाला, बैग बाहर रखा और गायब कर दिया
ब्यावरा निवासी रामचंद उर्फ चंदू यादव (70) सेल्समैन का काम करते हैं। 18 सितंबर को वे खुजनेर में दुकानदारों को सामान सप्लाई करने और उनसे नगदी लेने पहुंचे थे। उनके पास हरे रंग का बैग था, जिसमें करीब ₹1.49 लाख रुपए रखे थे।
शाम करीब 4.30 बजे वे गांधी ब्रदर्स की दुकान के सामने राजगढ़ चौराहे पर पहुंचे। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनके कुर्ता-पायजामा पर पीछे से किसी ने लाल रंग का तरल पदार्थ डाल दिया है। वे कपड़े साफ करने के लिए पानी लेने दुकान की ओर गए। इस दौरान उन्होंने नगदी से भरा हरा बैग दुकान के बाहर बोरी पर रख दिया।
कुछ देर बाद लौटे तो बैग गायब था।
CCTV ने खोली पूरी कहानी
शिकायत के बाद खुजनेर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों के विश्लेषण के बाद पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
जांच में गुलखेड़ी निवासी बादल सिसोदिया (22) और एक नाबालिग की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार बादल ने नाबालिग के साथ मिलकर व्यापारी का ध्यान भटकाने और नगदी वाला बैग चोरी करने में भूमिका निभाई। घटना में इस्तेमाल उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
नाबालिग को वारदात में शामिल करने के आरोप में मां गिरफ्तार
पुलिस जांच में नाबालिग की मां की भूमिका भी सामने आई। उसे गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा गुलखेड़ी निवासी लक्ष्मी और प्रिया को भी मामले में आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है।
नाबालिग के पिता की भूमिका भी जांच में सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। नाबालिग की पहचान से जुड़ी जानकारी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है।
आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में 12 पुराने केस
पुलिस के अनुसार आरोपी बादल के खिलाफ पहले से मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और उत्तर प्रदेश में चोरी एवं अन्य अपराधों के 12 प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी लक्ष्मी के खिलाफ भी ग्वालियर के मेहराजपुरा थाने में एक मामला दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस ने मामले में चोरी की ₹1,49,000 की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश और मामले की आगे की विवेचना जारी है।