रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिले, अंधेरे में 2 किमी पैदल चलकर पहुंची पुलिस
करनवास थाना क्षेत्र में मक्सी-रुठियाई रेलखंड पर सोमवार रात युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। देहरी बामन गांव के रास्ते के पास रात करीब 8 बजे लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखे और पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण पुलिस टीम को वाहन से मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। पुलिसकर्मी करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुंचे।
मृतकों की पहचान बनवारी पिता हरिप्रसाद वर्मा निवासी देहरी बामन और प्रिया पिता बृज वर्मा (17) निवासी कुदाली, थाना नरसिंहगढ़ के रूप में हुई है। युवती के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी।
मई में हुई थी दोनों की सगाई
परिजनों के अनुसार बनवारी और प्रिया की मई में सगाई हुई थी। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में थे। परिजनों ने बताया कि अगस्त में कुदाली जाते समय मंडावर के पास बनवारी सड़क हादसे में घायल हो गया था। करीब पांच-सात दिन पहले ही वह स्वस्थ होकर दोबारा काम पर लौटा था।
बनवारी के पिता के अनुसार सोमवार सुबह वह उनके साथ खेत पर गया था। भैंस बांधने और चारा लाने के बाद सुबह करीब 9 बजे खाना खाने घर जाने की बात कहकर वहां से निकला था। रात करीब 8 बजे पुलिस ने उसकी मौत की सूचना परिवार को दी।
ट्रेन की चपेट में आए या मामला कुछ और, जांच जारी
पुलिस के अनुसार दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
मंगलवार सुबह पचोर सिविल अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।