बरसते पानी में भी हजारों युवाओं का जोश कायम, RSS के युवा संवाद में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
पचोर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से रविवार को पचोर की उत्सव वाटिका में युवा संवाद एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पचोर खंड के हजारों युवाओं ने सहभागिता की। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान बारिश होती रही, लेकिन बरसते पानी के बीच भी युवाओं का उत्साह और जोश कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ सम्मेलन में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रांत कार्यवाह हेमंत सेठिया ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास और विकसित राष्ट्र की अवधारणा को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अपने जीवन में ‘पंच परिवर्तन’ के नियमों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में कार्य करना चाहिए।
सेठिया ने राष्ट्रभक्ति पर जोर देते हुए कहा कि जिस युवा में राष्ट्रभक्ति का नशा हो, वही सच्चे अर्थों में युवा कहलाता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

नगर से बस्ती तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
उन्होंने कहा कि नगर और खंड की इकाइयों को सक्षम बनाने के साथ ही मंडल और बस्ती की इकाइयों को और मजबूत करने की आवश्यकता है। संगठन श्रेणी और जागरण श्रेणी के कार्यों को अधिक स्पष्टता के साथ समाजव्यापी बनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि समाज की सज्जन शक्ति के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाकर सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करना चाहिए। ‘पंच परिवर्तन’ के आह्वान को धरातल पर उतारने में समाज की युवा शक्ति को सहयोगी बनाया जाना जरूरी है।
युवाओं से किया सीधा संवाद
सम्मेलन में हेमंत सेठिया ने युवाओं से सीधे संवाद किया। युवाओं ने विभिन्न विषयों को लेकर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र, समाज, संगठन और युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए गए। बारिश के बावजूद युवाओं की बड़ी उपस्थिति सम्मेलन के प्रति उनके उत्साह को दर्शाती रही।
