वडनगर से वाराणसी तक निकली जन जल यात्रा का सारंगपुर में स्वागत: पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन, टेटवाल बोले-पाकिस्तान के बच्चे भी तिरंगे की छांव में निकले, यह मोदी का मान है
सारंगपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही जन जल यात्रा का बुधवार को सारंगपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के नगर में प्रवेश करते ही विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया।
जन जल यात्रा आगर रोड से शुरू होकर पुराने बस स्टैंड, एबी रोड, न्यू बस स्टैंड, भैरू दरवाजा मार्ग, मुखर्जी चौक, सदर बाजार, जामा मस्जिद, रंगेरवाड़ी, बाग कुआं और बजदलीपुरा होते हुए दीनदयाल चौराहे पहुंची। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं सहित नागरिकों ने स्वागत किया।
दीनदयाल चौराहे पर यात्रा के पहुंचने पर राज्य मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान और यात्रा के उद्देश्य को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया।
यूक्रेन युद्ध का जिक्र कर बोले टेटवाल
मंच से संबोधित करते हुए राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय छात्रों को यूक्रेन से बाहर निकालने के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय कई देशों के बच्चे यूक्रेन में फंसे हुए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के प्रधानमंत्री से बात की और भारतीय छात्र हाथों में तिरंगा लेकर यूक्रेन से सुरक्षित बाहर निकले।
टेटवाल ने कहा, “इसके साथ ही पाकिस्तान के बच्चे भी तिरंगे की छांव में निकले। यह मोदीजी ने देश का मान बढ़ाया है।”