पचोर से PM मोदी और CM मोहन यादव करेंगे युवाओं-महिलाओं से संवाद: पुराने बस स्टैंड पर जुटेंगे जनप्रतिनिधि और हितग्राही, टेटवाल के प्रयासों से मिला बड़ा मंच
पचोर | संवाददाता
राजगढ़ जिले के पचोर में गुरुवार को सेवा संकल्प एवं समर्पण अभियान के तहत युवाओं और महिलाओं से सीधे संवाद का बड़ा आयोजन होगा। पुराने बस स्टैंड पर होने वाले युवा संवाद, लखपती दीदी संवाद और पात्रता पर्ची दीदी संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। संवाद में युवाओं, महिलाओं और पात्र हितग्राहियों से जुड़ी योजनाओं, रोजगार, आर्थिक सशक्तीकरण और जनकल्याण के विषयों पर चर्चा होगी।
इस आयोजन को लेकर राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल लंबे समय से प्रयासरत थे। अभियान की शुरुआत से ही वे इसके समापन से पहले राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम कराने की दिशा में प्रयास कर रहे थे। अब पचोर में मुख्यमंत्री के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल जुड़ने वाले संवाद कार्यक्रम का अवसर मिला है।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित जिले का प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं में जुटा है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, जिले के सभी विधायक और भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
25 साल के सार्वजनिक जीवन पर सेवा का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का फोकस गांवों और कस्बों तक पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने पर है।
अभियान के तहत जल संरक्षण और पौधरोपण के प्रति जागरूकता, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, दिव्यांगजनों को सहायता सामग्री, गौसेवा और अन्य सामाजिक गतिविधियां की जा रही हैं।
20 टोलियां गांव-कस्बों तक पहुंच रहीं
अभियान के तहत 20 टोलियां अलग-अलग मार्गों से गांवों और कस्बों तक पहुंच रही हैं। इनमें 10 टोलियां गुजरात से वाराणसी और 10 वाराणसी से गुजरात की ओर जाने वाली यात्रा से जुड़ी हैं। सेवा गतिविधियों के साथ लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी भी दी जा रही है।
एक माह से राजगढ़ में जारी हैं गतिविधियां
राजगढ़ जिले में भी करीब एक माह से सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल के साथ सारंगपुर सहित जिले के मंडल अध्यक्ष और पांचों विधायक अभियान से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
पचोर में होने वाला गुरुवार का आयोजन इसी अभियान की अगली कड़ी है। यहां युवाओं की भागीदारी, महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संवाद के प्रमुख विषय होंगे। आयोजन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश होगी कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ गांव-कस्बों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे।