सीहोर

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतदान के लिए उमड़ी भीड़,जगदीश वर्मा लगातार तीसरी बार चुनाव जीते

सीहोर

सीहोर। मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में सीहोर जिले के इछावर एवं नसरूल्लागंज जनपद में शुक्रवार को मतदान हुआ। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान का समय प्रात: 7 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। लोगों में इस बार मतदान को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।पंचायत चुनाव सुबह 7 बजे से शुरू होकर 3 बजे तक चला। पंचायत चुनावों के लिए इछावर जनपद से 1304 उम्मीदवार चुनाव लड़े,जिसमें जनपद सदस्य पद के लिए 85, सरपंच पद के लिए 357 एवं पंच पद के लिए 862 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इसी प्रकार नसरूल्लागंज जनपद से 1607 उम्मीदवार चुनाव लड़े। जिसमें जनपद सदस्य पद के लिए 74, सरपंच पद के लिए 342 एवं पंच पद के लिए 1191 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। 

कलेक्टर,एसपी ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा

सीहोर तहसील के ग्राम सेमली जदीद तहसील इछावर के सरपंच प्रत्याशी जगदीश वर्मा लगातार तीसरी बार चुनाव जीते। उन्होंने दीनदयाल वर्मा को हराया और 197 वोट से जीेते। जगदीश वर्मा ने 3 बार सरपंच और एक बार जनपद प्रत्याशी बनकर जीत दर्ज की। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र मोहन ठाकुर एवं एसपी मयंक अवस्थी ने इछावर एवं नसरूल्लागंज जनपद के ग्राम डोबरी, कोसमी, सिंहपुर, नादान, घोघरा, हमीदगंज, पिपलानी सहित अनेक मतदान केन्द्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान तथा मतगणना सम्पन्न कराने वाले अधिकारी कर्मचारियों को व्यवस्थित ढंग से कार्यवाही संपादित करने के निर्देश दिए।

मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इछावर जनपद की 77 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए 194 मतदान केन्द्र मतदान केन्द्र बनाए गए। नसरूल्लागंज जनपद की 101 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान के लिए 260 मतदान केन्द्र बनाए गए। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत द्वितीय चरण के चुनाव के लिए इछावर एवं नसरूल्लागंज में कुल 2,44,494 मतदाता मताधिकार का उपयोग किया। इछावर में कुल 1,06,726 मतदाता, जिनमें 55,744 पुरूष तथा 50,982 महिला मतदाता हैं। वहीं नसरूल्लागंज में कुल 1,37,768 मतदाता,जिनमें 71,475 पुरूष, 66,286 महिला मतदाता ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।