सारंगपुर में महाकाल की भव्य सावन सवारी में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ फूलों की बारिश कर स्वागत किया, लेकिन सवारी गुजरने के बाद शहर की सड़कें फूल-मालाओं और पंखुड़ियों से पट गईं। आवागमन बाधित होने की स्थिति बनते ही नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) दीपक कुमार रानवे खुद सड़क पर उतर आए और तत्काल सफाई अभियान शुरू करा दिया।
सोमवार को गांधी चौक स्थित वटकेश्वर महादेव मंदिर से महाकाल की सावन सवारी निकाली गई। सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर परिसर के समीप कन्या शाला पहुंची, जहां समापन के बाद प्रसादी का आयोजन हुआ। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं, व्यापारियों और धर्मप्रेमियों ने फूल-मालाओं और पंखुड़ियों से भगवान महाकाल का स्वागत किया।
सवारी समाप्त होते ही मार्ग पर बड़ी मात्रा में फूल और कचरा जमा हो गया। इसे देखते हुए CMO दीपक रानवे ने प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सतीश कंडारे को तुरंत सफाई के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि रानवे स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सफाई व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
नगर पालिका की टीम ने कुछ ही देर में पूरे सवारी मार्ग से फूल-मालाएं और कचरा हटाकर सड़क को पूरी तरह साफ और सुगम बना दिया। इससे यातायात सामान्य हो गया और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
सावन सवारी के दौरान पुराने बस स्टैंड पर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सवारी का भव्य स्वागत किया। सफाई अभियान में प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सतीश कंडारे, दारोगा जितेंद्र भैरवे, कर्मचारी गौरव शर्मा सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।
नगरवासियों ने धार्मिक आयोजन के तुरंत बाद सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और CMO के स्वयं मैदान में उतरने की सराहना की।