शराब के नशे में बेटे ने पिता को पीटा: गंभीर घायल पिता अस्पताल में भर्ती, लिमाचौहान थाना क्षेत्र के दयाखेड़ी की घटना
सारंगपुर। लिमाचौहान थाना क्षेत्र के ग्राम दयाखेड़ी में सोमवार शाम शराब के नशे में एक युवक ने अपने पिता के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में पिता के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम ने घायल को सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
जानकारी के अनुसार रामलाल पिता मांगीलाल मालवीय (50) निवासी हराना अपनी पत्नी के साथ ग्राम दयाखेड़ी में मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहे थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे उनका पुत्र राजा पिता रामलाल मालवीय दयाखेड़ी पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस समय राजा शराब के नशे में था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजा ने पिता रामलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में रामलाल को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रामलाल को उपचार के लिए सारंगपुर सिविल अस्पताल लेकर आई। यहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ. मनीष सूर्यवंशी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस विवाद के कारणों और मारपीट की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।