जिला योगासन चैंपियनशिप में राजगढ़ के खिलाड़ियों का जलवा, 10 का राज्य स्तर के लिए चयन
सारंगपुर। राजगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (RYSA) के तत्वावधान में द्वितीय जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन रविवार को शगुन विहार कॉलोनी स्थित रॉयल फिटनेस क्लब में किया गया। प्रतियोगिता में राजगढ़, इंदौर, शाजापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और योगासन की अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर तीन आयु वर्गों में किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने Traditional Yogasana, Artistic Single, Artistic Pair और Rhythmic Pair इवेंट में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजगढ़ जिले के 10 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारंगपुर SDOP अरविंद सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के युवा समन्वयक लालसिंह लोधा, मेडिकेयर कॉलेज के ज्वाइंट डायरेक्टर ऋषभ यादव, RYSA अध्यक्ष सुनील राजपूत, रॉयल फिटनेस क्लब संचालक श्याम राजपूत, ABVP जिला संयोजक शुभम शर्मा और तुषार चौहान मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में सौरभ पुरी गोस्वामी ने भूमिका निभाई। आयोजन में RYSA के सदस्य, प्रशिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र दिए
प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन और सहभागिता के लिए मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योगासन शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, एकाग्रता, संतुलन और आत्मविश्वास विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में योगासन खेल को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में जिले के 10 खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही। RYSA परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।