सारंगपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर सारंगपुर विधानसभा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे घर-घर ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित करने का आह्वान किया गया है।
अभियान की तैयारियों को लेकर मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने का आह्वान किया।
शाम 7 बजे एक साथ जलेंगे दीप
मंत्री टेटवाल ने 17 सितंबर को शाम 7 बजे नागरिकों से अपने-अपने घरों में अधिक से अधिक दीप प्रज्वलित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपों के माध्यम से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षीय संकल्प के प्रति शुभकामनाएं, आशीर्वाद और समर्थन व्यक्त किया जाएगा। अभियान के लिए उन्होंने संदेश दिया—“एक दीप राष्ट्रसेवा के नाम, एक दीप मोदी जी के नाम।”
बैठक में एसडीएम जय सोलंकी, सीईओ हेमेंद्र गोविल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भाजपा नेता निर्मल जैन, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम सक्सेना, पंकज पालीवाल, विकास करोड़िया, महेश पुष्पद, गिरवर भंडारी, विकास दीक्षित, विष्णु पाटीदार, कमल राठौर, निलेश वर्मा, रघुराज सोलंकी, कमल सिंह तोमर सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।