पचोर। नए UGC संशोधन और आरक्षण सुधार की मांग को लेकर 20 सितंबर को जिला मुख्यालय राजगढ़ में प्रस्तावित सवर्ण आक्रोश आंदोलन को लेकर पचोर ब्लॉक में मंगलवार को सवर्ण समाज की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आंदोलन की तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
समस्त सवर्ण संगठनों की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक में ब्राह्मण समाज, महाजन वैश्य समाज, कायस्थ समाज, राजपूत समाज सहित अन्य सवर्ण संगठनों एवं समाजजनों को आमंत्रित किया गया है। बैठक का आयोजन 15 सितंबर मंगलवार को दोपहर 1 बजे बड़ा शिवालय मंदिर, पचोर में किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार 20 सितंबर को राजगढ़ जिला मुख्यालय पर सवर्ण आक्रोश आंदोलन प्रस्तावित है। इसमें विशाल आमसभा और आक्रोश रैली के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे जाने की योजना है। बैठक में आंदोलन में पचोर ब्लॉक से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, रैली एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
आयोजकों ने समाज के लोगों से बैठक में समय का विशेष ध्यान रखते हुए उपस्थित होने की अपील की है। सूचना में कहा गया है कि आंदोलन के लिए अब समय कम बचा है और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सभी संगठनों एवं समाजजनों का सहयोग जरूरी है।
आयोजकों ने अपील करते हुए कहा कि 20 सितंबर के आंदोलन को भव्य और सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर सहभागिता करनी चाहिए। बैठक में आंदोलन से जुड़े आगामी कार्यक्रमों और तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।