सारंगपुर। सारंगपुर के जयनगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की कालीसिंध नदी में डूबने से मौत हो गई। शनिवार दोपहर घर से नदी में नहाने जाने का कहकर निकले व्यक्ति का शव रविवार सुबह पुल के समीप नदी में उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान शव बरामद कर पुलिस को सूचना दी।
मिली जानकारी के अनुसार जयनगर निवासी श्याम पिता भगीरथ लोधा (45) सारंगपुर के कनक होटल में काम करते थे। बताया गया कि वे पिछले तीन दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे। शनिवार दोपहर वे घर से कालीसिंध नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
शनिवार को दिनभर खोजबीन के बाद रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने फिर नदी क्षेत्र में तलाश शुरू की। इसी दौरान पुल के समीप श्याम का शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल सारंगपुर भेजा है। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।