जड़ी-बूटी बेचने आया, रुपए डबल करने का झांसा दिया: 5.64 लाख लेकर भागे आरोपी; 50+ CCTV और CDR से शाहगढ़ पहुंची पचोर पुलिस
पचोर। गांव में जड़ी-बूटी बेचने के बहाने पहुंचे युवक ने रुपए डबल कराने का झांसा देकर गोकुल सोंधिया को ठगी के जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने उसे पचोर के मिठनपुर ब्रिज के पास बुलाया और बाइक पर बैठाकर आगे ले गए। वहां पहले से मौजूद तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उससे 5 लाख 64 हजार रुपए ले लिए। इसके बाद रकम दोगुनी कर गांव पहुंचाने का भरोसा देकर उसे बस से वापस भेज दिया। आरोपी नहीं पहुंचे तो गोकुल को ठगी का पता चला और उसने पचोर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो आरोपियों तक पहुंचने के लिए 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से मिले सुराग को CCTV फुटेज से मिलाया गया। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों के संभावित रास्ते को ट्रेस करते हुए शाहगढ़, जिला सागर पहुंची। यहां से दो आरोपियों को पकड़ा गया।
जड़ी-बूटी बेचने आया, फिर फोन कर बनाया भरोसा
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को गोकुल के गांव में एक व्यक्ति जड़ी-बूटी बेचने आया था। बातचीत के दौरान उसने गोकुल को बताया कि वह ऐसे लोगों को जानता है, जो रुपए डबल कर देते हैं। इसके बाद गोकुल के मोबाइल पर लगातार फोन आने लगे।
1 सितंबर को उसे पचोर के मिठनपुर ब्रिज के पास बुलाया गया। गोकुल वहां पहुंचा तो एक आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर ब्रिज से आगे ले गया। वहां पहले से तीन लोग मौजूद थे। चारों ने मिलकर गोकुल से 5.64 लाख रुपए ले लिए और कहा कि रकम दोगुनी करके उसके गांव पहुंचा देंगे।
आरोपियों के कहने पर गोकुल बस से गांव लौट गया, लेकिन आरोपी रकम लेकर वापस नहीं आए। काफी इंतजार के बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
50 से ज्यादा कैमरे खंगाले, CDR से मिला सुराग
पुलिस ने मिठनपुर ब्रिज से लेकर आरोपियों के संभावित रास्तों पर लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। मोबाइल CDR से मिले नंबर और लोकेशन से मिले सुराग को CCTV फुटेज से जोड़ा गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम शाहगढ़ पहुंची और दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्की पिता डोलन और मन के राजा पिता भाई साहब, दोनों निवासी शाहगढ़, जिला सागर के रूप में की है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की रकम के संबंध में भी जांच जारी है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में की गई। पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर गौरव बाजपेई, अतुल मौर्य, संदीप हाड़ा और प्रद्युम्न की टीम ने आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी में भूमिका निभाई।