राजगढ़। राजगढ़ जिले के हास्य कवि चेतन चर्चित (विजयवर्गीय) का शनिवार 19 सितंबर को कजाखस्तान के अलमाटी में सोलो शो होगा। हिंदी पखवाड़े के तहत कजाखस्तान के हिंदीभाषी समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में चेतन चर्चित भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे अपनी प्रस्तुति देंगे।
इससे पहले 21 अगस्त को मस्कट, ओमान में आयोजित कवि सम्मेलन में चेतन चर्चित ने प्रस्तुति दी थी। इसके बाद अब कजाखस्तान में उनके सोलो शो का आयोजन किया जा रहा है। हास्य कविता और कॉमेडी के लिए पहचाने जाने वाले चेतन चर्चित राजगढ़ जिले से निकलकर देश-विदेश के मंचों तक अपनी पहचान बना रहे हैं।
अलमाटी के बाद लातूर में प्रस्तुति
अलमाटी में सोलो शो के अगले ही दिन 20 सितंबर को लातूर में आयोजित कवि सम्मेलन में चेतन चर्चित शामिल होंगे। इसके बाद 21 सितंबर को सावरीया सेठ और 22 सितंबर को अलीबाग में कार्यक्रम निर्धारित है।
उनके सितंबर के आगामी कार्यक्रमों में 24 सितंबर को लोनावला, 26 और 28 सितंबर को मुंबई तथा 30 सितंबर कोलकाता में प्रस्तुति शामिल है। इस तरह सितंबर में चेतन चर्चित का कार्यक्रम देश के कई शहरों के साथ कजाखस्तान तक फैला हुआ है।