विसर्जन सुरक्षा में डटे नपा अधिकारी-कर्मचारी: दशहरा मैदान के पीछे बनाया विसर्जन कुंड, नपा अध्यक्ष बोले- जीवनदायिनी नदी को गंदा होने से बचाना उद्देश्य
पचोर। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पचोर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। शुक्रवार दोपहर 2 बजे से ही नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस जवान दशहरा मैदान के पीछे मोहनपुर मार्ग पर बनाए गए विसर्जन कुंड पर तैनात हैं। नगर पालिका के प्रशिक्षित कर्मचारी नाव के माध्यम से प्रतिमाओं का विसर्जन कराएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष विकास करौड़िया ने झांकी समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करें। उन्होंने कहा कि कुंड में प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि जीवनदायिनी नेवज नदी को गंदा होने से बचाया जा सके।
कुंड में नहीं गलने वाली प्रतिमाओं को नदी के बीच करेंगे विसर्जित
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार विसर्जन कुंड में जिन प्रतिमाओं का पूरी तरह विसर्जन नहीं होगा, उन्हें प्रशिक्षित कर्मचारी नाव के माध्यम से नदी के बीच ले जाकर विसर्जित करेंगे। इससे श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी में जाने की आवश्यकता नहीं होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहेगी।
बच्चों और तैरना नहीं जानने वालों को नदी से दूर रहने के निर्देश

थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने झांकी समितियों के सक्रिय सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी बच्चे को विसर्जन कुंड या नदी के किनारे नहीं जाने दिया जाए। साथ ही जिन लोगों को तैरना नहीं आता है, उन्हें भी कुंड और नदी से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और नगर पालिका की टीम विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ लगातार निगरानी कर रही है।