सारंगपुर। पत्नी के साथ विवाद और उसके पास नहीं आने से नाराज एक 28 वर्षीय युवक ने रविवार दोपहर सारंगपुर बस स्टैंड के पास जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद युवक पेड़ के नीचे बैठकर उल्टियां करता रहा। इसी दौरान मौके से गुजर रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्ण मोहन मालवीय की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शाजापुर रेफर कर दिया।
गंभीर अवस्था में सारंगपुर अस्पताल लाए
जानकारी के अनुसार ईचिवाड़ा निवासी मनीष पिता कालूराम अहिरवार (28) रविवार को अपने गांव से सारंगपुर आया था। यहां उसने मोबाइल फोन पर पत्नी से बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के उसके पास नहीं आने से नाराज मनीष ने दोपहर करीब 2 बजे बस स्टैंड के समीप जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहर खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह पास ही एक पेड़ के नीचे बैठकर उल्टियां करने लगा। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर मनीष ने उन्हें बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजनों ने जब कारण पूछा तो उसने पत्नी से विवाद और उसके पास नहीं आने की बात बताई।
पूर्व विधायक की पड़ी नजर, तत्काल बुलाया डायल 112
घटना के दौरान पास की दुकान पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्ण मोहन मालवीय की नजर युवक पर पड़ी। युवक की हालत गंभीर देख उन्होंने बिना देर किए डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से मनीष को सारंगपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर
सिविल अस्पताल में डॉक्टर मनीष चौहान ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए शाजापुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर शाजापुर रवाना हुए। खबर लिखे जाने तक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही थी।