सनबीम स्कूल, मुगलसराय के विद्यार्थियों ने सीबीएसई क्लस्टर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।विद्यालय के छात्र आदित्य शर्मा (अंडर-19 वर्ग) ने स्केटिंग की 500 मीटर एवं 1000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु हुआ है।इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा XII की छात्रा दिव्यांशी गुप्ता (अंडर-19 बालिका वर्ग) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 मीटर एवं 1000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किया।इसके अतिरिक्त बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा X की छात्रा सिंधुजा यादव ने अंडर-17 वर्ग में जीत दर्ज कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया, वहीं कक्षा XII के छात्र अर्सलान ख़ान ने अंडर-19 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा “हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। यह बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शकों के परिश्रम का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारे ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएँगे।”
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धियाँ न केवल सनबीम परिवार के लिए बल्कि पूरे जनपद की खेल बिरादरी के लिए भी गर्वपूर्ण क्षण हैं।