भोपाल

₹2 करोड़ की ठगी के अंतरराज्यीय गिरोह पर शिकंजा: 300 CCTV फुटेज, 30 हजार KM की दौड़… सारंगपुर TI राहुल रघुवंशी ने दबोचा एक अहम आरोपी; SP ने किया सम्मानित

भोपाल

सारंगपुर। पैसे दोगुने करने का लालच देकर करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ ब्यावरा थाना पुलिस की कार्रवाई में सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी की अहम भूमिका सामने आई है। जटिल जांच के दौरान आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम के साथ काम करते हुए रघुवंशी ने गिरोह के एक महत्वपूर्ण आरोपी शनि उर्फ शमी मंडल को भोपाल के जहांगीराबाद से पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए एसपी अमित तोलानी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

15 दिन तक तीन शहरों में खंगाले CCTV

ब्यावरा थाना क्षेत्र में सामने आए ठगी के इस मामले की जांच में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए भोपाल, मुंबई और नासिक में करीब 15 दिनों तक डेरा डाला। इस दौरान करीब 300 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों को जोड़ने के लिए पुलिस ने कई राज्यों में करीब 30 हजार किलोमीटर का सफर तय किया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को गिरोह के सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी कड़ी में शनि उर्फ शमी मंडल के भोपाल के जहांगीराबाद में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी में सारंगपुर TI राहुल रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक आरोपी से खुलती गई गिरोह की कड़ियां

पुलिस पूछताछ के बाद मामले में मुस्तकीम मंडल सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से बड़ी मात्रा में नकदी और ठगी में इस्तेमाल वाहन सहित अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, राहुल रघुवंशी की टीम ने आरोपी के कब्जे से 30 लाख रुपए नकद और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया। अन्य आरोपियों से बरामदगी मिलाकर करीब 1 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए। पूरे मामले में कुल बरामद माल और नकदी का आंकड़ा 2 करोड़ 92 लाख 91 हजार रुपए बताया गया है।

ब्यावरा केस में भूमिका, सारंगपुर TI को मिला सम्मान

ठगी का यह मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी में सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी की सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

एसपी अमित तोलानी ने प्रशस्ति पत्र देकर राहुल रघुवंशी की कार्यशैली की सराहना की। जटिल अंतरराज्यीय जांच में लगातार मेहनत कर एक अहम आरोपी तक पहुंचने और उसे गिरफ्तार कराने में निभाई भूमिका को पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया है।