पचोर-सारंगपुर हाईवे पर ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर: 5 घायल, एक गंभीर शाजापुर रेफर; भैंस और पाड़ी भी घायल
पचोर। पचोर-सारंगपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब 3:50 बजे भैंसों से भरी खड़ी पिकअप को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप में सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर रेफर किया गया है। दुर्घटना में एक पाड़ी भी गंभीर रूप से घायल हुई है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप में पचोर पशु बाजार से खरीदी गई तीन भैंस और दो पाड़ी के साथ छह लोग सवार थे। रास्ते में चालक ने पानी पीने के लिए गाड़ी रोक रखी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक ट्रक लहराते हुए पहुंचा और पिकअप को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पांच लोग घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे में प्रभुलाल पिता बद्रीलाल (40), निवासी बरखेड़ा भोजा, कमल पिता गंगाराम (25), निवासी नलखेड़ा, राजू पिता शिवनारायण गुर्जर और होकम पिता शिवनारायण गुर्जर (40), दोनों निवासी मंदेरी गुर्जर, घायल हुए हैं। वहीं, रामचंद्र निवासी बाबल्दी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शाजापुर रेफर किया गया है।
पिकअप में भरी थीं भैंस और पाड़ी
दुर्घटना के समय पिकअप में तीन भैंस और दो पाड़ी भी थीं। हादसे में एक पाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में पिकअप को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए पचोर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल रामचंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शाजापुर रेफर किया गया।