इकलेरा में भाजपा सरपंच को गोली मारने की धमकी: शासकीय जमीन कब्जे पर स्वामित्व प्रमाणपत्र नहीं दिया था
तलेन थाना क्षेत्र के इकलेरा में एक युवक द्वारा लाखों रुपए की शासकीय जमीन पर कब्जा करने के बाद पंचायत ने स्वामित्व प्रमाणपत्र देने से इंकार किया तो सरपंच को गोली मारने की धमकी युवक ने दी है। घटना की बातचीत की एक आडियो भी वायरल हो रही है।
मामला इकलेरा गांव का है जहां आरोप है की धीरज शर्मा नामक युवक ने सड़क किनारे करीब 1500 फ़ीट से ज्यादा शासकीय जमीन पर कब्जा कर लिया था। तहसीलदार के अतिक्रमण हटाने के नोटिस के बाद जवाबी कागजी कार्रवाई के लिए युवक ने पंचायत से स्वामित्व प्रमाणपत्र मांगा लेकिन अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर होने की बात कहकर सरपंच श्रवण पाटीदार ने मना कर दिया तो युवक ने गोली मारने की धमकी दी है। सरपंच पाटीदार का आरोप है की युवक और उसके कुछ साथी लगातार षड्यंत्र रच रहे है।
मामले में तलेन थाना सहित तहसीलदार को भी इस आशय की शिकायत मिलने की जानकारी सामने आई है। पहले भी इकलेरा में गोली मारने की घटना हो चुकी है ऐसे में अब इस धमकी के बाद भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और सरपंच श्रवण पाटीदार घर से निकलने में भी डर रहे है। अब देखना यह है की पुलिस इस आडियो वायरल की घटना के बाद क्या कदम उठाती है।