कलियुगी बेटे ने रची भैंस चोरी की कहानी: पिता के गले पर कुल्हाड़ी से वार, पुलिस से बोला- चोरों ने हमला किया; जांच में खुला राज
जिस बेटे पर पिता के बुढ़ापे का सहारा बनने की जिम्मेदारी थी, उसी पर पिता की जान लेने की कोशिश का आरोप लगा है। राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम पाडली गुसाई में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने रिश्तों को झकझोर दिया। पिता पर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद बेटे ने पुलिस को भैंस चोरी की कहानी सुनाई और आरोप अज्ञात चोरों पर डाल दिया। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो कहानी की परतें खुलती चली गईं।
मामला 12 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे का है। पुलिस के अनुसार दीपक पुरी ने सूचना दी कि कुछ अज्ञात लोग घर में भैंस चोरी करने आए थे। उसके पिता कमल पुरी ने विरोध किया तो चोरों ने उनके गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर हालत में कमल पुरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।