सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद राजगढ़ में अलर्ट: जिलेभर में आबकारी की दबिश, 7 केस दर्ज; शराब दुकानों का स्टॉक भी खंगाला
राजगढ़। सागर में जहरीली शराब पीने से हुई घटना के बाद अब राजगढ़ जिले में भी आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध मदिरा विक्रय से जुड़े 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के सहयोग और जिला आबकारी अधिकारी रितेश कुमार लाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी आबकारी वृत्तों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
आबकारी विभाग की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा के कारोबार से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें विवेचना में लिया गया है। जिलेभर में अचानक तेज हुई कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
कार्रवाई में राजगढ़ वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैलेन्द्र वर्मा, सारंगपुर एवं खिलचीपुर वृत्त प्रभारी अंकित चौहान, ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ वृत्त प्रभारी दीपक राजपूत, आबकारी उप निरीक्षक मोहन यादव सहित आबकारी अमले ने कार्रवाई की।

लाइसेंसी शराब दुकानें भी जांच के दायरे में
अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने जिले में संचालित लाइसेंसी मदिरा दुकानों को भी जांच के दायरे में लिया। दुकानों में परमिट के अनुसार शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान मिली कमियों पर विभाग ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधितों के खिलाफ आरोप-पत्र जारी किए हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला आबकारी अधिकारी रितेश कुमार लाल ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सघन जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
