सनबीम स्कूल मुगलसराय में धूमधाम से मना ‘अभिव्यक्ति–एक महागाथा : मनुष्य, मर्यादा और जीवन के मंचन में सजीव हुई श्रीराम की जीवनगाथा
दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय ने अपनी 21 वर्षों की स्वर्णिम शैक्षणिक यात्रा और गौरवशाली संस्थागत परंपरा को एक बार फिर उत्कृष्ट सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से नई ऊँचाई प्रदान करते हुए दिन बुद्धवार, 4 नवम्बर 2026 को आयोजित किया गया। यह बहुप्रतीक्षित वार्षिकोत्सव विद्यालय के लगभग 250 से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और सामूहिक समर्पण का सशक्त उदाहरण बना। 
भारतीय सांस्कृतिक विरासत और मानवीय जीवन-मूल्यों को केंद्र में रखकर वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यक्ति—एक महागाथा : मनुष्य, मर्यादा और जीवन’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को संगीत, भावाभिनय के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। संपूर्ण रामकथा को नृत्य के माध्यम से एक पूर्ण एवं सुसंगठित दृश्यात्मक स्वरूप प्रदान किया गया। इसके माध्यम से सत्य, त्याग, प्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, पारिवारिक मर्यादा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे सार्वकालिक मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली अभिव्यक्ति दी गई। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जोड़ने का सार्थक प्रयास रहा।

