राजगढ़ जिले में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बोडा पुलिस ने 11 साल से फरार चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के दादरी थाने में दर्ज चोरी के मामले में फरार चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद बोडा पुलिस ने आरोपी को हरियाणा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के निर्देशन और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान थाना दादरी, जिला चरखी दादरी, हरियाणा की पुलिस अपराध क्रमांक 816/2015, धारा 380 आईपीसी के मामले में फरार आरोपी पवित्रा पति गजरा सांसी की तलाश में बोडा पहुंची। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब 11 वर्षों से फरार थी और लगातार अपना ठिकाना बदलकर रह रही थी। हरियाणा पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
हरियाणा पुलिस के बोडा थाना पहुंचने के बाद थाना प्रभारी देवेंद्र राजपूत ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कड़िया सांसी में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर पवित्रा पति गजरा सांसी को अभिरक्षा में ले लिया।
बोडा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को हरियाणा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही थी।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक समीर खान, प्रधान आरक्षक 642 रामनारायण जटिया, आरक्षक 823 कपिल अटारिया, आरक्षक 1021 विनोद अहिरवार और आरक्षक 686 पूजा मुबेल का विशेष योगदान रहा।