सारंगपुर। दीपावली पर कार की पूजा कर आतिशबाजी करने के दौरान चिल्डावनिया गांव में एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार में अचानक आग लग गई। गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई इस घटना में कार देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन मालिक ने करीब एक साल पहले ही नई कार खरीदी थी।
जानकारी के अनुसार, दीपावली पर लोग घरों में मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना और आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान चिल्डावनिया गांव के मंदिर चौक के पास खड़ी कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची।
ग्रामीण धीरज नागर, भगवान सिंह नागर, अमृतलाल पटेल सहित अन्य लोगों ने फायर ब्रिगेड की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
पूजन के लिए घर ले जा रहे थे कार
कार मालिक रोहित विश्वकर्मा ने बताया कि दीपावली पर लक्ष्मी पूजन कर कार को पूजा के लिए घर ले जा रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी के बीच अचानक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गया।
पचोर थाने में दिया आवेदन
घटना के बाद वाहन मालिक रोहित विश्वकर्मा ने ग्रामीणों के साथ पचोर थाने पहुंचकर शार्ट सर्किट से आग लगने की घटना के संबंध में आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। दीपावली की खुशियों के बीच गांव में कार जलने की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।