सारंगपुर के प्रसिद्ध भैंसवा माता बीजासन मंदिर परिसर में 12 दिसंबर को 101 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले जोड़ों और उनके परिजनों से विवाह का कोई खर्च नहीं लिया जाएगा। पूरे आयोजन का खर्च सारंगपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष देवनारायण नागर स्वयं उठाएंगे। इसके लिए उन्होंने अपने पांच साल के पूरे वेतन को कन्या विवाह के लिए दान करने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले में परिवार भी पैतृक संपत्ति से आर्थिक सहयोग करेगा।
जनपद अध्यक्ष देवनारायण नागर ने बताया कि 13 दिसंबर को वे अपने जीवन के 41वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। जन्मदिन को यादगार बनाने और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करने के उद्देश्य से उन्होंने यह पहल की है। जनपद अध्यक्ष के रूप में उन्हें मिलने वाले 19,500 रुपए प्रतिमाह के पूरे वेतन को उन्होंने कन्या विवाह के लिए समर्पित करने का फैसला लिया है।
पांच साल में 11.70 लाख रुपए का वेतन होगा दान
नागर के अनुसार, पांच साल के कार्यकाल के दौरान मिलने वाले वेतन की राशि करीब 11 लाख 70 हजार रुपए होगी। इस राशि के साथ उनके परिवार की ओर से पैतृक संपत्ति से भी धनराशि मिलाई जाएगी। इसी आर्थिक सहयोग से 101 जोड़ों का सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन में विवाह से संबंधित दोनों पक्षों का पूरा खर्च उनकी ओर से वहन किया जाएगा।
28 नवंबर तक कराना होगा पंजीयन
सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिजनों को उम्र के प्रमाण पत्र के साथ 28 नवंबर तक पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए आयोजक की ओर से आठ मित्रों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर गरीब और जरूरतमंद परिवार अपने बच्चों का पंजीयन करा सकते हैं।
भैंसवा माता मंदिर परिसर में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत देना और सर्व समाज को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता का संदेश देना है।