सारंगपुर के हाफिज उर्फ सोल्जर पर जिला बदर की कार्रवाई: 7 जिलों की सीमा से एक साल तक रहना होगा बाहर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
सारंगपुर। सारंगपुर के हाट मोहल्ला निवासी हाफिज उर्फ सोल्जर को अब एक साल तक राजगढ़ जिले सहित आसपास के छह जिलों की सीमाओं से बाहर रहना होगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत उसके खिलाफ जिला बदर का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार हाफिज उर्फ सोल्जर पिता युसुफ उस्ताद, निवासी हाट मोहल्ला, सारंगपुर को एक वर्ष की अवधि के लिए राजगढ़ जिले की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है। इसके साथ ही उसे सीमावर्ती जिले गुना, शाजापुर, आगर मालवा, विदिशा, सीहोर और भोपाल की राजस्व सीमाओं से भी बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5 (क) एवं (ख) के अंतर्गत यह कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के अनुसार कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोक व्यवस्था के मद्देनजर वैधानिक प्रावधानों के तहत यह आदेश जारी किया गया है।
जिला बदर की इस कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति को निर्धारित एक वर्ष की अवधि तक राजगढ़ सहित कुल सात जिलों की राजस्व सीमाओं में प्रवेश नहीं करना होगा।