राजगढ़

पचोर भाजपा कांग्रेस में भड़मभट, मतदाता असमंजस में, अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जे में संशय, सभी वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले

राजगढ़

पचोर नगर परिषद चुनाव में इस बार भी किसी एक दल की स्थिति साफ नही हो पा रही है। मतदान में महज 9 दिन शेष है। ऐसे में मतदाता पिछले चुनाव की तरह फिर संशय की स्थिति में है कि आखिर अध्यक्ष कौन बनेगा। जहां भाजपा ने लगभग 6 वार्डों में अध्यक्ष के लेवल के प्रत्याशी उतारे है वहीं कांग्रेस ने 4 वार्डो में अध्यक्ष बनने योग्य प्रत्याशी उतारे है। लेकिन पिछली बार रहे निर्दलीय अध्यक्ष ने भी सभी 15 वार्डो में अपने प्रत्याशी उतारकर सभी वार्डो में त्रिकोणीय संघर्ष खड़ा कर दिया है। ऐसे में रुझान एक तरफा माहौल का नही बनने से मतदाता अभी भी संशय की स्थिति में है। 

किस वार्ड में कठिन डगर 
दोनों दलों के साथ ही निर्दलीय भी दबंग प्रत्याशी मैदान में होने की वजह से कई वार्डो में भाजपा कांग्रेस के लिए चुनावी डगर कठिन दिख रही है। जहां प्रत्याशियों को लगातार मेहनत करना पड़ रही है। 
वार्ड 1 में भाजपा के हेमराज गुर्जर और कांग्रेस के चंदरसिंह गुर्जर के सामने निर्दलीय गोविंद गुर्जर है। वहीं अन्य प्रत्याशियों में सागर गुर्जर एवं मिथिलेश बाई गुर्जर भी मैदान में है। लेकिन यहां सीधी टक्कर भाजपा और निर्दलीय में है। ऐसे ही वार्ड 2 में भाजपा के जिला मंत्री रहे बद्रीलाल भंडारी मैदान में है इनके सामने कांग्रेस ने संदीप सोनी को उतारा है। लेकिन निर्दलीय मनीष मेंवाड़े पूरी मेहनत से जुटे है। जबकि पिछले चुनाव में 20 वोट से पीछे रहे निर्दलीय प्रत्याशी यशवंत सोनी जी जान से मतदाताओं को लुभाने में जुटे है। वार्ड 3 में भाजपा की शारदादेवी पति भगवानसिंह गुर्जर के सामने कांग्रेस ने उषा त्रिलोक शर्मा को उतारा है लेकिन यहां दो निर्दलीय प्रत्याशी भारी पड़ रहे है। निर्दलीय गिरिराज रेबारी पिछली बार 14 वोट से हारे थे इस बार फिर उनकी पत्नी श्रीमती सूरज रेबारी मैदान में है जबकि पिछली बार के अध्यक्ष पति पंकज यादव की माताजी श्रीमती निर्मला देवी भी दमदारी के साथ मैदान में है। 
वार्ड 4 में कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलू दुबे मैदान में है जिनकी महिलाओं में अच्छी पकड़ है। वहीं भाजपा से उनके ही पारिवारिक भाई एवं मंडल अध्यक्ष विकास दीक्षित है। इन दोनों के सामने पिछली बार की निर्दलीय अध्यक्ष श्रीमती अनामिका यादव है। 
कांग्रेस का गढ़ रहे वार्ड 5 में भाजपा कमजोर स्थिति में है यहां भाजपा से श्रीमती रजनी शक्तिसिंह मैदान में है। इनके विपरीत कांग्रेस से दिग्विजय की राजनीतिक करीबी श्रीमती पूनम अग्रवाल है। जबकि निर्दलीय मालतीसिंह भूपेंद्र ठाकुर की वार्ड में जबरदस्त पकड़ है।  वार्ड 6 में भाजपा में पूर्व में अध्यक्ष प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेता रामभरोसे यादव है और कांग्रेस ने इनके सामने कांग्रेस के अब्दुल खालिद मंसूरी को उतारा है जबकि वार्ड में पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि निर्दलीय पंकज यादव खुद चुनाव लड़ रहे है। 
वार्ड 7 में भाजपा से तीन बार पार्षद रहे कैलाश विजयपुरिया को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस से राजेन्द्र पच्चीसीया है। वहीं निर्दलीय गेंदालाल और सत्येंद्र जाटव को भी कम नही आंका जा सकता।  
वार्ड 8 में अनिता मयंक सक्सेना भाजपा से मैदान में है। इनके लिए पूरे बख्शी परिवार की साख लगी हुई है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के दिग्गज नेता दामोदर लहरी की पत्नी श्रीमती रामकुंवर सामने है। इन दोनों के सामने पिछली परिषद के पार्षद जोगेंद्र जाट की पत्नी श्रीमती रेखादेवी और चौथे निर्दलीय सुलेखा ज्योति चित्रांशी है। 
वार्ड 9 में पिछली बार सपा प्रत्याशी जगदीश अहिरवार जीते थे। इस बार फिर उनकी पत्नी संतोषबाई सपा से चुनाव लड़ रही है। वहीं भाजपा से नीतू लावरिया और कांग्रेस से पूर्व पार्षद रहे रोड़सिंह अहिरवार की पत्नी शैतानबाई है। जबकि रजनी विनोद खरे भी निर्दलीय मैदान में होने से सबकी साख दांव पर है। वार्ड 10 में भाजपा ने पहली बार चुनाव लड़ रहे दीपक चौहान को उतारा है वहीं कांग्रेस के पूर्व पार्षद सुधीर गुप्ता उनके सामने है। जबकि यहां आम आदमी पार्टी से महिला प्रत्याशी जानकीबाई कुशवाह सामने है।
वार्ड 11 में भाजपा की पूर्व पार्षद विद्यावती विनोद राणा को चुनोती देने के लिए कांग्रेस से श्रीमती सोना बलवंत मिडानिया है। वहीं भाजपा के ही सक्रिय कार्यकर्ता राधेश्याम गुर्जर की पत्नी श्रीमती सुनीता की वार्ड में खासी पकड़ है। वार्ड 12 में भाजपा से लगातार हैट्रिक लगाने वाले पार्षद कैलाश देशवाली की पत्नी श्रीमती राधा इस बार फिर मैदान में है। इनके सामने कांग्रेस की लीना पाराशर है। वहीं निर्दलीय मोहनबाई गोपालसिंह जाट सामने होने से कड़ा त्रिकोणीय संघर्ष बन गया है। वार्ड 13 में पिछली बार निर्दलीय जीते कमल राजोरे की पत्नी अंजू इस बार भाजपा से मैदान में है वहीं कांग्रेस से चेतना अमन मुंदेरिया अधिकृत है जबकि कांग्रेस के ही प्रीति राजेश मुंदेरिया भी निर्दलीय मैदान में है। वहीं भाजपा के मुकेश राजोरे की पत्नी रजनी भी निर्दलीय होने से चतुष्कोणीय संघर्ष दिखाई दे रहा है। 
शहर के सराफा बाजार वार्ड 14 में दिग्गजों की साख दांव पर है। यहां बजरंगदल नेता निर्दलीय प्रत्याशी प्रमोद सोनी जीत का दावा कर रहे है। युवा टीम कि साख दांव पर लगी हुई है।  वहीं भाजपा ने विकास करोड़िया मंडल महामंत्री और कांग्रेस ने वरिष्ठ कांग्रेसी उमेश विजयवर्गीय को उतारा है। जबकि निर्दलीय सईद मोहम्मद और सिंधिया के करीबी संजय राणा मैदान में होने से मुकाबला रोचक है। वहीं वार्ड 15 में कांग्रेस की पूर्व नपाध्यक्ष ममता सीताराम लहरी एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनमोहन गुरगेला की पत्नी श्रीमती रजनी गुरगेला आमने सामने है। जबकि निर्दलीय सपना प्रमोद सोनी की महिलाओं में खासी पैठ है। वहीं एक ओर निर्दलीय आयुषी समीर सोनी पहली बार मैदान में है।