बैतूल

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से ठिठुरा मध्‍य प्रदेश, बैतूल में पारा 2 डिग्री

बैतूल

भारी बर्फबारी के बाद पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहां से आ रही सर्द हवाओं से प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बैतूल में दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम रहा।शीतलहर को देखते हुए शनिवार को राजधानी के सभी स्कूल 9:30 के पहले नहीं लगेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस बारे में आदेश जारी कर दिया है।

19 स्थानों पर शुक्रवार को ठंडा दिन रहा

बैतूल, भोपाल, श्यौपुरकला, सागर, नरसिंहपुर, दतिया, धार, खातेगांव, टीकमगढ़ शीतलहर की चपेट में रहे। भोपाल, जबलपुर, इंदौर सहित 19 स्थानों पर शुक्रवार को ठंडा दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के शनिवार को भी ठंड के तेवर तीखे बने रहने की संभावना जताई है।

10 से 14 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चल रही

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि गुरुवार शाम से ही लगातार 10 से 14 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चल रही हैं। उत्तर भारत में भीषण ठंड पड़ रही है। इसके चलते वहां से आ रही सर्द हवाओं से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

शनिवार को भी ठंड के तेवर तीखे बने रहने के आसार

साहू के मुताबिक शनिवार को भी ठंड के तेवर तीखे बने रहने के आसार हैं। इसके बाद हवाओं का रुख बदलेगा। तब रात के तापमान में कुछ इजाफा होने लगेगा।

शुक्रवार को चार महानगरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

भोपाल18.75.5

इंदौर19.57.1

जबलपुर16.88.5

ग्वालियर18.45.8

अंचल का तापमान

खरगोन    23.0    04.0

धार     20.6    04.3

रतलाम    20.2    04.8

नीमच    22.0    05.0

मंदसौर    20.0    06.0

देवास     19.0    06.0

उज्जैन    18.5    06.2

शाजापुर    20.0    06.4

खंडवा    21.0    07.4

झाबुआ    23.0    07.6

आलीराजपुर 22.0    09.0

बड़वानी    27.5    09.3

बुरहानपुर    26.0    10.0

नोट:-तापमान डिग्री में।