जबलपुर

बंद पड़ा था खाता और दे दिया एक करोड़ 92 लाख का चेक

जबलपुर

कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी का निर्माण करने वाले जालसाज बिल्डरों ने भूस्वामी को एक करोड़ 92 लाख 50 हजार रुपये का चूना लगा दिया। उन्होंने किसान को जिस बैंक खाते का चेक दिया था वह 2018 से बंद है। जालसाजी के इरादे से बंद खाते का चेक देने के बाद दोनों ने कृषि भूमि की प्लाटिंग कर उसका विक्रय शुरू कर दिया। किसान ने चेक बैंक में लगाया तो वे अनादरित हो गया। शिकायत की जांच कर पनागर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पनागर थाना प्रभारी आरके सोनी ने बताया कि किसान संतकुमार पटेल (42) निवासी मनियारीकला ने थाना क्षेत्र स्थित अपनी कृषि भूमि बेचने के लिए प्रतीक शुक्ला गली नंबर 13 शिवाजी नगर ग्रीन सिटी माढ़ोताल से अनुबंध किया था। तीन खसरों की भूमि का सौदा एक करोड़ 92 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ। जिसके बाद प्रतीक शुक्ला ने उसे एक बैंक के दो चेक दिए। अक्टूबर माह में उसने चेक बैंक में लगाए तो वे अनादरित हो गए तथा पता चला कि खाता कई साल से बंद पड़ा है।

बना लिया पंचायत के नाम का फर्जी ले आउट, बेच दिया प्लाटः

थाना प्रभारी सोनी ने बताया कि प्रतीक शुक्ला ने भूमि का मद परिवर्तन नहीं कराया तथा प्लाटिंग व कॉलोनी निर्माण के लिए संबंधित विभागों की अनुज्ञा भी नहीं ली। पनागर पंचायत के नाम से फर्जी ले आउट तैयार कर उसने अवैध कॉलोनी का निर्माण व प्लाटों की बिक्री शुरू कर दी। संजीवनी नगर गढ़ा निवासी देवेंद्र पटेल को उसने 53 प्लाट बेच दिए। जिसके बाद दोनों कृषि भूमि को खुर्द-बुर्द कर कॉलोनी का निर्माण करने में जुट गए। रकम अथवा जमीन की मांग करने पर दोनों भूस्वामी के साथ विवाद कर जान से मारने की धमकी देते हैं। दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है।