भोपाल

लव जेहाद का सबसे बड़ा कारण हुक्का लाउंज - सुरेन्द्रनाथ (मम्मा)

भोपाल

भोपाल। पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्रनाथ सिंह ने चेतावनी दी है कि भोपाल (मध्य प्रदेश) में चल रहे हुक्का लाउंज तत्काल बंद करवा दिए जाएं। लव जेहाद का बहुत बड़ा कारण ये भी हैं। जो युवक-युवती हुक्का लाउंज में जाएंगे, उनके खिलाफ भी जनता कार्रवाई करेगी। मंगलवार तक हुक्का लाउंज बंद नहीं कराए गए तो जनता हुक्का लाउंज को बंद करा देगी। सिंह सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि ऐसे स्थानों पर अपने बेटे-बेटी को न जाने दें। इन हुक्का बार में बच्चों का भविष्य खराब किया जा रहा है। वहां हिंदू युवतियों को जानबूझकर निशाना बनाते हैं। यहां फ्लेवर के नाम पर ड्रग्स दिया जाता है और लव जेहाद का शिकार बना लिया जाता है।

मेरी बेटी का मामला भी लव जेहाद का है। उसे बहला फुसलाकर लव जेहाद में फंसाया गया है। वो वापस आती है तो मैं बेहतर परवरिश करूंगा। सिंह ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति बताते हुए आरोप लगाया कि वे लव जेहाद को बढ़ावा दे रहे हैं।

बेटी ने लगाया था बंधक बनाने का आरोप

दरअसल, सिंह की पुत्री भारती ने शनिवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एक याचिका के जरिए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उसका आरोप था कि उसके पिता ने उसे 10 साल तक बंधक बनाकर रखा। उसे भोपाल के हजेला अस्पताल में बेहोशी का इंजेक्शन दिया जाता था। साथ ही विवाह के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वह विवाह नहीं करना चाहती।