भोपाल

खसरे की नकल, बैंक नोड्यूज घर बैठे मिलेंगे, समर्थन मूल्य पर चना, सरसों भी खरीदेंगे- सीएम

भोपाल

181 पर कॉल करने से अब सीधे मोबाइल पर खसरे की नकल मिलेगी। इस काम के लिए अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसी प्रकार आय, जाति, मूल निवासी प्रमाण-पत्र देने की व्यवस्था भी हम कर रहे हैं।

यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सागर में की। वे खेल परिसर में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 20 लाख किसानों के खाते में सिंगल क्लिक पर 400 करोड़ रुपए की राशि भेजी। उन्होंने कहा कि 31 से ज्यादा बैंकों को ऑनलाइन बंधन सेवा से जोड़ा है। ऐसे में लोन के लिए एनओसी प्राप्त करने लोगों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा। आवेदन करने पर ऑनलाइन ही एनओसी मिल जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा गांव में बने मकानों का सर्वे कराकर लोगों के नाम पर मकान करने का काम हम स्वामित्व योजना के तहत कर रहे हैं। इसके बदले में लोग बैंक से लोन भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा 15 मार्च से चना, गेहूं, मसूर एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदारी शुरू होगी। एमएसपी बंद नहीं हो रही है, इसको लेकर वैसे ही भ्रम फैलाया जा रहा है।

प्रत्येक किसान के खाते में 2 हजार, पर रात तक पहुंचे नहीं
प्रदेश के 20 लाख किसानों के खातों में 400 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर के तहत। प्रत्येक किसान के खाते में 2-2 हजार रुपए की राशि भेजी गई है। सागर जिले के 2 लाख 60 हजार 77 किसानों का सत्यापन इस राशि की पात्रता के लिए किया गया है। हालांकि रात तक कोई भी किसान ऐसा नहीं मिला, जिसके खाते में 2 हजार रुपए की राशि पहुंच गई हो।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा में ही साफ किया कि प्रदेश के 78 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6000 मिल रहे हैं। उन्हीं किसानों को हम दो किस्तों में 4000 रुपए और दे रहे हैं। पहले चरण में 20 लाख किसानों के खातों में 2 हजार रुपए की राशि भेजी गई है। फरवरी में 20 लाख और मार्च में अगले 20 लाख और शेष किसानों के खाते में किस्त भेजी जाएंगी।