none

किन्नरों ने गणतंत्र दिवस पर किया अनूठा काम और इस तरह दिया देशप्रेम का संदेश

none

प्रतापगढ़। गणतंत्र दिवस के अवसर पर किन्नरों ने देशप्रेम का संदेश लोगों तक पहुचाने के लिए एक अलग तरीके का सहारा लिया और देश की खातिर एक पारंपरिक रस्म को देश के लिए निभाया। गणतंत्र दिवस पर किन्नरों ने देश प्रेम का अनूठा संदेश दिया। उन्होंने तिरंगे झंडे से शादी रचाई। इसे सुनकर भले ही आपको अजीब लगे, लेकिन पट्टी तहसील क्षेत्र के उड़ैयाडीह बाजार में निवास कर रहे किन्नरों ने रविवार को ऐसा ही किया। इस मौके पर विवाह का मंडप दरवाजे के सामने सजाया गया। मंडप में आम के पल्लव व कलश सहित सभी पारंपरिक वस्तुएं रखी गई। उसके बाद दुल्हन की जगह कलश के बगल में तिरंगा झंडा लगाया गया। पुरोहितों ने विधि विधान से पूजा कराई। शादी के कर्मकांड मंत्रों द्वारा किए गए। यही नहीं तिरंगे को सिंदूर लगाया गया और तिरंगे के सिंदूर को किन्नरों ने अपनी मांग में भरा।

कार्यक्रम में सुल्तानपुर के भी दर्जनों किन्नर शामिल हुए। किन्नरों ने ढोल नगाड़े के साथ गीत गाए व नृत्य किया। साथ ही शादी की खुशी में बाजार के स्कूलों में बच्चों को मिठाई खिलाई। रात में नौटंकी का भी मंच सजाया गया। देश को ही अपना सब कुछ मानने का पैगाम देने वाली अनूठी शादी का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। किन्नरों में विद्या, पूजा, मनीषा, काजल, सूबेदार आदि ने बारी-बारी से तिरंगे को अपना जीवनसाथी बनाया। इन लोगों ने कहा कि देश से प्रेम करना हर किसी का नैतिक धर्म है। इसी बात का संदेश देने को यह काम किया गया।