none

राजस्थान पंचायत चुनाव 2019: निकाय चुनाव की जीत से बढ़ा कांग्रेस का उत्‍साह

none

 जयपुर। निकाय चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस में उत्साह का माहौल है। अगले वर्ष जनवरी फरवरी में होने वाले पंचायत चुनाव से पहले इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए बूस्टर डोज माना जा रहा है। वहीं भाजपा के लिए कुछ निराशा तो है, लेकिन वहां इस बात पर संतोष व्यक्त किया जा रहा है कि प्रदर्शन बहुत बुरा नहीं रहा, हालांकि पार्टी के नए अध्यक्ष सतीश पूनिया के लिए उपचुनाव के बाद यह परिणाम भी बहुत सुखद नहीं रहे। मई के लोकसभा चुनाव में एकतरफा हार के बाद कांग्रेस को अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाए रखने के लिए इस जीत की बहुत जरूरत थी। यही कारण था कि चुनाव से पहले समीकरणों को हर तरह से अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई। निकाय अध्यख का सीधा चुनाव पार्टी के लिए घातक सिद्ध हो सकता था, इसलिए उस प्रावधान को बदला गया। नए सिरे से परिसीमन कराया गया और वार्डों की संख्या बढ़ाकर उनका आकार छोटा किया गया। पार्टी को इसका फायदा नगरपालिकाओं में मिला।

 

इसके अलावा चुनाव से पहले आर्थिक आधार पर आरक्षण के नियमों को सरल किया गया। शहरी युवा मतदाता के लिए यह राहत थी और माना जा रहा है कि इसका भी काफी असर इस चुनाव में पड़ा। पार्टी ने चुनाव की कमान अपने मंत्रियों और स्थानीय नेताओं के हाथ में सौंपी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने सिर्फ माॅनिटरिंग का जिम्मा सम्भाला। हालांकि चुनाव से पहले दोनों के निकाय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर खींचतान भी दिखी, लेकिन इसका बहुत ज्यादा असर चुनाव परिणाम पर नहीं दिखा। अब जनवरी फरवरी में होने वाले पंचायत चुनाव पर इस जीत का असर पडना तय माना जा रहा है।

 

गहलोत ने कहा जीत जनता को समर्पित- निकाय चुनाव परिणाम के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह जीत जनता को समर्पित करते हुए कहा कि जनता बहुत सोच समझ कर फैसला करती है। प्रदेश की सरकार ने हमारी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समर्थन दे कर संवेदनशील, जवाबदेह शासन देने की प्रतिबद्धता को मजबूत किया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष तथा उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रदेश की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस की विचारधारा में अपनाविश्वास दोहरा कर हमारी सरकार को मजबूती दी है। उन्होंने सभी जीते हुए प्रत्यशियों और कार्यकर्ताओ को बधाई दी है।

 

नहीं चले 370 और राममंदिर जैसे मुददे- लोकसभा चुनाव में बडी जीत और पिछले दिनों देश में कश्मीर से धारा 370 हटाने तथा राममंदिर पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा को इस चुनाव में बड़ी जीत की उम्मीद थी। पार्टी का मानना था कि शहरी मतदाता को यह मुददे काफी प्रभावित करते है, लेकिन परिणामोंं ने पार्टी की इस धारणा को गलत साबित कर दिया। हालांकि पार्टी बहुत बुरी हार नहीं हारी और तीन बड़े शहरों उदयपुर, बीकानेर और भरतपुर में पार्टी ने कांग्रेस से बढ़त हासिल की है।

 

उदयपुर में तो छठी बार स्पष्ट बहुमत के साथ बोर्ड बन रहा है, लेकिन कुल मिला कर यह वह परिणाम नहीं है जिसकी उम्मीद पार्टी को थी। पार्टी के नए अध्यक्ष सतीश पूनिया के लिए भी इस परिणाम को बहुत अच्छा नहीं माना जा रहा है। उन्होंने हालांकि कमान कुछ समय पहले ही सम्भाली है, ऐसे में उन्हें बहुत ज्यादा समय नहीं मिल पाया और चुनाव से पहले उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों की टीम में भी कोई बदलाव नहीं किया।

 

पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि चूंकि पिछले चुनाव में अधिकतर जगह हमारे बोर्ड थे, इसलिए एंटी इनकम्बेंसी का असर देखने को मिला है। इसके अलावा पार्टी सत्ता के दुरुपयोग की बात भी कह रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि निकाय चुनाव की प्रक्रिया में बार-बार बदलाव और बिना जरूरत परिसीमन कर कांग्रेस ने चुनाव को प्रभावित किया है। इसक अलावा स्थानीय प्रशासन को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई है।